मुजफ्फरनगर। ईद के मौके पर मिलावटी दूध की बिक्री की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से शहर में छापे की कार्रवाई की गई। इस दौरान अमूल दूध समेत तीन स्थानों पर दूध के सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा गया। डीएम राजीव शर्मा ने बताया मिलावटी दूध समेत खाद्य पदार्थ बेचने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को ईद के मद्देनजर दूध की जमकर बिक्री हुई। ऐसे में लोगों ने मिलावटी दूध भी बेचा। जिसकी शिकायत डीएम तक पहुंची। डीएम के आदेश पर अभिहित अधिकारी विनीत कुुमार ने टीम के साथ शहर में छापे की कार्रवाई की। टीम ने विष्णु विहार में अमूल दूध के थोक व्यापार आशीष गुप्ता के प्रतिष्ठान पर छापा मार कर अमूल गोल्ड की जांच हेतु एक नमूना संग्रहित किया। इसके बाद टीम ने टीम खालापार स्थित जनता डेयरी पर छापा मार कर डेयरी पर बिकने वाले दूध की जांच के लिए नमूना लिया। अंबा विहार में जुहैब अहमद के प्रतिष्ठान पर भी टीम पहुंची और फैट स्प्रेड की जांच के लिए नमूना लिया। अभिहित अधिकारी विनीत ने बताया कि टीम ने तीन नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय जन विश्लेशक प्रयोगशाला लखनऊ भेजे है। रिपोर्ट आने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। टीम में विनीत कुमार के अलावा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार कौशल, राकेश कुमार, कृष्ण कुमार आदि शामिल रहे।