तीर्थनगरी शुक्रताल के निरीक्षण भवन पर आयोजित बैठक में ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले की तैयारी को हुई बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष आंचल तोमर ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं प्राइवेट यात्री बसों आदि वाहनों से किसी भी प्रकार का टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा। एसडीएम खतौली अतुल कुमार ने कहा कि मेले में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए जगह जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
जिला पंचायत की अपर मुख्य अधिकारी डॉ. नूतन शर्मा ने बताया कि 20 से 23 जून तक ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले का आयोजन किया जाना है, जबकि मुख्य स्नान 22 जून को होगा। गत वर्ष मेले के आयोजन में चार लाख 12 हजार 800 रुपये खर्च हुए थे। इस वर्ष मेले के लिए पांच लाख 49 हजार 400 रुपये का बजट रखा गया है। सीओ राजीव कुमार गौतम ने कहा कि मेले में असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। श्री गंगा सेवा समिति के महामंत्री महकार सिंह ने कहा कि गंगा घाट पर चौबीस घंटे गोताखोर रहने चाहिए। बैठक में तय हुआ कि मेले में पार्किंग की व्यवस्था ग्राम पंचायत करेंगे। जिसमें बस से 50, कार से 20 और बाइक से 10 रुपये प्रतिदिन वसूला जाएगा। मेले की दुकानों पर रेट लिस्ट चिपकाई जाए।
इसके बाद अधिकारियों ने मेला स्थल व गंगा घाट का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए विद्युत निगम के अधिकारियों को 24 घंटे विद्युत आपूर्ति करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सदस्य सुशीला देवी, भाजपा नेता अर्जुन तोमर, गन्ना विभाग के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अरुण कुमार, संजय सिंह, पुलिस चौकी प्रभारी चंद्रसैन सैनी, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ शिव कुमार, जिला पंचायत के अभियंता कमल किशोर, अवर अभियंता अरविंद कुमार, बीडीओ बीपी सिंह, प्रभारी निरीक्षक डा. बीपी सिंह, पूर्व सभापति विनोद शर्मा, पीएचसी प्रभारी डा. संजीव कुमार, पशु चिकित्साधिकारी डा. अखिलेश कुमार सहित प्रधान सुशील कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।