भक्तों ने जिनेंद्र प्रभु का अभिषेक किया
खतौली। कानूनगोयान स्ट्रीट स्थित पार्श्वनाथ जैन मंदिर में सर्वत्र शांति की कामना के लिए धार्मिक व मांगलिक क्रियाओं के साथ शांति विधान आयोजित किया गया।
रविवार की सुबह पीत व केसरिया वस्त्रों में श्रद्धालुओं ने जिनेंद्र प्रभु का अभिषेक करके नित्य नियम पूजन किया। संगीतमय भक्ति के साथ पूजन किया गया। सुरेंद्र जैन व विपिन अरिहंत के मार्गदर्शन में अर्घ्य समर्पित किए। श्रीजी की शांति धारा की गई। धार्मिक मंत्रोच्चार के साथ अर्घ्य समर्पित कराते हुए प्रवीण नयन ने बताया कि अज्ञान रूपी जीवन से बचने के लिए ज्ञान की आवश्यकता है। अनुकूलता के लिए समय की प्रतीक्षा मत करो, जो श्रेष्ठ कार्य आपको करने हैं। उन्हें शीघ्र ही शुरू कर देना चाहिए। धार्मिक और नैतिक कार्य करना ही अनुकूल कार्य है। शांति विधान मानव जीवन के लिए अत्यंत मंगलकारी है। इस विधान की पूजा पूर्ण श्रद्धा के साथ करने से जीवन में शांति का प्रवेश होता है तथा जीवन से अमंगल दूर होता है। धार्मिक भजन भी प्रस्तुत किए गए। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने धर्म लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर मुकेश जैन एडवोकेट, पतेंद्र, श्रीपाल, पप्पन सराफ, पोथी, सलेकचंद, दीपक, सुभाष, एलएम जैन, प्रमोद, प्रदीप, सुनील, नीरज, नरेश, डा. आशा, सुमन, पूनम, बेबी, मंजू, अनीता, रीतू, रजनी, बीना, नीरज जैन प्रवक्ता आदि उपस्थित रहे।