बच्चों से मित्रवत व्यवहार रखे शिक्षिकाएं
मुजफ्फरनगर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में कस्तूरबा गांधी विद्यालय ब्लॉक सदर की छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए गांव-गांव अभियान चलाया जा रहा है, ताकि बच्चों में शिक्षा की अलख जगाई जा सके।
शुभारंभ मुख्य अतिथि बीएसए चंद्रकेश यादव ने किया। बीएसए ने कहा कि सरकार की योजना के आधीन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में आवासीय और शैक्षणिक सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने शिक्षिकाओं से आह्वान किया कि वे बच्चों से मित्रवत व्यवहार रखे, क्योंकि ज्यादातर छात्राएं ग्रामीण परिवेश से आई है। छात्राएं भी अपने गुरुओं के प्रति श्रद्धाभाव रखे। पंजाब नेशनल बैंक के मंडल प्रमुख राजेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि उनका बैंक भारतीयों द्वारा संचालित पूर्ण स्वदेशी बैंक है। बालिकाओं को 101 रुपये नकद व पैंसिल किट दी। कार्यक्रम में राधिका, सानिया, साहिबा ने भजन नृत्य और गीत प्रस्तुत किए। संचालन वरिष्ठ प्रबंधक कांती राठी और प्रदीप जैन ने संयुक्त रूप से किया। वार्डन एवं कार्यवाहक प्राचार्य बबीता शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।