गांव की खुशहाली ग्राम प्रधान के कंधों पर
मुजफ्फरनगर।
एसडी कालेज में गांव-गांव चिकित्सकीय योजनाओं को पहुंचाने के लिए प्रधान सम्मेलन का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि गांव में स्वास्थ्य और खुशहाली की मुख्य जिम्मेदारी ग्राम प्रधान के कंधों पर होती है, इसलिए वह जागरूक रहें और दूसरे को भी करें। गांव में आयुर्वेद उपचार को ज्यादा से ज्यादा बढ़ावा दिया जाए।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं सिफ्सा के तत्वावधान में हुए सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्षा आंचल तोमर ने दीप प्रज्वलित कर किया। पूर्व मंत्री एवं सांसद संजीव बालियान ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार स्वास्थ्य की विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही है। ग्राम प्रधान इन योजनाओं को ग्राम।ीणों तक पहुंचाने में अपना पूर्ण सहयोग दें। विधायक कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि गांवों तक चिकित्सकीय सुविधाओं को बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को लाभ मिल सके। मुख्य अतिथि आंचल तोमर ने कहा कि गांवों में महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाए। नसबंदी आदि के साथ पोलियो, टीकाकरण आदि में ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाई जाए। डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि प्रत्येक ग्रामीण अपने घर में गिलोए व एलोविरा का पौधा अवश्य लगाएं, जिससे आयुर्वेद उपचार को बढ़ावा मिल सके। एसएसपी अनंत देव तिवारी ने कहा कि नगर में ग्राम प्रधानों की जागरूकता के चलते ही गुंडाराज एवं सांप्रदायिक दंगे समाप्त हुए हैं। सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने भी स्वास्थ्य विभाग की तमाम योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर मुक्ताकाश नाट्य संस्था ने बेटी बेचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना पर नाट्य प्रस्तुत किया। मंडलीय परियोजना प्रबंधक सिफ्सा अरविंद गोस्वामी ने उत्कृष्ट कार्य करने पर सीएमएस डॉ अमिता गर्ग, डॉ पंकज अग्रवाल, डॉ मनोज शर्मा सर्जन, स्टाफ नर्स अलका के साथ ब्लॉक गालिबपुर की आशा ओमकली को सर्वाधिक नसबंदी कराने में सहयोग पर प्रथम पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम का संचालन डीटीओ डॉ लोकेश गुप्ता ने किया। एसीएमओ डॉ बीके ओझा, डॉ शरण सिंह, डॉ वीके सिंह, डॉ घनश्याम दास, डॉ संजय जोधा आदि मौजूद रहे।