मुजफ्फरनगर। छपार क्षेत्र के गांव मायापुर में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना में छात्रों से धोखाधड़ी कर ली गई। छात्रों को ट्रेनिंग तो मिल गई, लेकिन न तो डिप्लोमा दिया और न ही वजीफा दिया गया है। इससे गुस्साए छात्रों ने डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
मायापुर में योजना का सेंटर संचालित किया गया। इस पर एकाउंट, फीटर और इलेक्ट्रीशियन का सेक्शन चलाया गया। प्रत्येक सेक्शन में 30 विद्यार्थियों का एडमिशन लिया गया। छात्रों को एडमिशन के वक्त ट्रेनिंग पूरी होने पर डिप्लोमा के साथ 125 रुपये प्रतिदिन वजीफा दिए जाने की बात कही गई थी। अब चार फरवरी को ट्रेनिंग पूरी हो गई, मगर सेंटर संचालक न डिप्लोमा दे रहे हैं और न ही उनकी स्कॉलरशिप दी गई। इससे आक्रोशित छात्रों ने डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। छात्रों ने सेंटर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान कपिल, संजय, विवेक कुमार, मिंटू कुमार, अजीत सिंह, संजीव कुमार, किरनलता, अंकित, यजपाल, पारस, दीपक, विशाल आदि मौजूद रहे।