युवती से संबंधों को लेकर दो युवक भिड़े
भोपा (मुजफ्फरनगर)। युवती से प्रेम प्रसंग को लेकर दो युवकों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस दोनों को पकड़कर चौकी ले आई, यहां पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों भिड़ गए और मारपीट करने लगे। पुलिस ने दोनों का शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया। बाद में दोनों पक्ष के लोग भी थाने पहुंचे और हंगामा किया।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव में एक युवक पहुंच गया। गांव के ही रहने वाले एक युवक से लड़की से संबंधों को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। नौबत मारपीट तक पहुंच गई तो घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को सीकरी चौकी ले गई। चौकी में पुलिस के सामने ही दोनों में मारपीट हो गई। पुलिस दोनों को थाने ले आई। दोनों के समर्थक भी थाने पहुंचकर हंगामा करने लगे। पुलिस ने बृहस्पतिवार को दोनों का शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया। दूसरी ओर, थाना क्षेत्र के गांव भोकरहेड़ी निवासी मुजफ्फर खां को शुक्रताल चौकी प्रभारी बालेंद्र सिंह ने गिरफ्तार कर लिया। मुजफ्फर खा सहित चार लोगों के विरुद्ध तीन माह पूर्व सिताबपुर गांव निवासी ओमप्रकाश की ओर से धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस पहले ही तीन लोगों को जेल भेज चुकी है।
गंगाघाट पर मिली महिला
भोपा (मुजफ्फरनगर)। महिला हेल्पलाइन 181 ने सूचना पर पहुंचकर तीर्थनगरी शुक्रताल में महिला की मदद कर उसे सुरक्षित थाने पहुंचाया। महिला सुरक्षा हेल्प लाइन की शुगमकर्ता मधु चौधरी, शिखा मलिक, प्रियंका ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि तीर्थनगरी शुक्रताल में एक महिला गंगा घाट पर घूम रही है। मौके पर पहुंचकर जब महिला से बात की गई तो वह अपना नाम-पता नहीं बता पाई, जिसे वह भोपा थाना ले आईं। टीम उसे महिला थाना ले गई। महिला के परिजनों को खोजने की कोशिश की जा रही है।