काली नदी में गिरी कार, दो यात्री घायल
मुजफ्फरनगर। काली नदी में कार के गिरने से कार सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार हरियाणा के सोनीपत निवासी बलराम पुत्र विकास और जितेंद्र पुत्र राजमल कार में सवार होकर हरिद्वार जा रहे थे। अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर यहां काली नदी में जा गिरी, जिसके चलते दोनों गंभीर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
अस्पताल से मरीज लापता
मुजफ्फरनगर। शुक्रवार की रात्रि में 108 एम्बुलेंस द्वारा एक मरीज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मरीज अचानक अस्पताल से गायब हो गया। अस्पताल प्रशासन ने मरीज के गायब होने की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
शराबियों ने उत्पात मचाया
मुजफ्फरनगर। भगत सिंह रोड पर दो युवक शराब पीकर उत्पात मचाया। जिससे लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शराबियों को समझाने का प्रयास किया, परंतु वह नहीं माने, तो पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया और उन्हें हवालात में डाल दिया। हिरासत में लिए गए दोनों युवकों के परिजन उन्हें छुडाने के प्रयास में लगे हुए हैं।
युवती से मारपीट
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मिमलाना रोड निवासी महराज पत्नी अकबर ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसकी पुत्री खुशबू घर पर अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले दो युवक उसके घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपी युवकों के साथ मामूली कहासुनी होने पर रंजिश रखते हैं। आरोपी युवकों ने उसकी पुत्री के साथ जमकर मारपीट कर घायल कर दिया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए, तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
संदिग्ध हालात में युवक लापता
मुजफ्फरनगर। संदिग्ध परिस्थितियों में युवक लापता हो गया। युवक के परिजनों ने पुलिस में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है। भगत सिंह रोड निवासी किशन शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसका 29 वर्षीय पुत्र अंशुल किसी कार्य से घर से गया था, परंतु वह घर वापिस नहीं लौटा। अंशुल की सभी संभावित स्थानों पर तलाश की गई, परंतु उसका कहीं कोई पता नहीं चला। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान पुलिस की दबिश
मुजफ्फरनगर। धोखाधड़ी के मामले में वांछित चल रहे आरोपी की तलाश में राजस्थान पुलिस ने दबिश दी। पुलिस के हाथ आरोपी नहीं लग सका। राजस्थाना के चिडावा थाने के उपनिरीक्षक महिपाल अपनी टीम के साथ शहर कोतवाली पहुंचे और अपनी आमद कराकर बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फिरदोसनगर निवासी जाबिर पुत्र नूरसहन उनके थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी के मामले में वांछित चल रहा है। राजस्थान पुलिस ने शहर कोतवाली पुलिस को साथ लेकर आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ दबिशें दी।