स्वच्छता अभियान पर चर्चा की
मोरना (मुजफ्फरनगर)। खंड विकास कार्यालय मोरना में स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के तहत आयोजित सभा में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में गांव में चलाई जाने वाली विकास योजनाओं सहित शौचालय निर्माण, मनरेगा के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी ब्रह्मपाल सिंह ने मनरेगा के तहत किए जाने वाले कार्यों सहित शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, पानी की निकासी, जल संरक्षण, तालाब की सफाई सहित पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था आदि पर विस्तार से चर्चा की। ग्राम प्रधानों से गांव के सर्वांगीण विकास में सहयोग देने की अपील की। बारिश के दौरान गिर गए कच्चे मकानों का ब्योरा देने की बात ग्राम प्रधानों से की। इस मौके पर एडीओ पंचायत चंद्रप्रकाश शर्मा, क्षेत्र पंचायत प्रमुख अनिल राठी, ग्राम प्रधान पति के शहजाद अंसारी, योगेश कुमार आदि उपस्थित रहे।