प्राइवेट बसों में भी करेंगी महिलाएं मुफ्त सफर
मुजफ्फरनगर। प्रदेश में अभी तक निगम और अनुबंधित बसों में महिलाओं को रक्षाबंधन पर्व पर फ्री यात्रा करने के आदेश थे, लेकिन अब प्राइवेट बसों में यह आदेश प्रभावी किए गए हैं। एआरटीओ ने जनपद में पंजीकृत बस यूनियनों, परमिट लेकर दौड़ऩे वाली बसों में महिलाओं को रक्षा बंधन पर फ्री सफर कराने के आदेश दिए हैं।
सोमवार को मनाए जाने वाले रक्षाबंधन पर्व पर निगम, अनुबंधित के साथ ही प्राइवेट परमिट लेकर दौड़ने वाली बसों में महिलाओं को बिना किराए के सफर कराया जाएगा। शहर में जानसठ, सहारनपुर, देवबंद, चरथावल, जसोई मार्ग, खतौली, मेरठ मार्ग पर पंजीकृत बसें चलती हैं, जो लोकल की सवारियों अधिक रखते हैं। शनिवार को एआरटीओ ने जनपद में पंजीकृत बस यूनियनों और निजी बसों के ऑपरेटरों को आदेश जारी किए हैं। जिनमें कहा गया है कि जनपद से सभी रूटों पर चलने वाली लोकल बसों में रक्षा बंधन पर्व पर महिलाओं को फ्री बस सेवा दी जाएगी। इसको लेकर बस यूनियन अपने स्टैंड पर नोटिस चस्पा कर ले। किसी बस या यूनियन से कोई शिकायत आती है तो उस पर कानूनी कार्रवाई के साथ परमिट रद्द करने की भी कार्रवाई हो सकती है। एआरटीओ राजीव कुमार बंसल ने बताया कि प्राइवेट बसों में रक्षा बंधन पर्व पर महिलाओं को फ्री सफर दिया जाएगा।