सरकारी जमीन कब्जामुक्त कराई
खतौली। तहसीलदार अमित कुमार ने राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ ग्राम समाज की भूमि कब्जामुक्त कराई। टीम ने जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया। इस दौरान ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। तहसीलदार ने भूमाफिया को दोबारा से कब्जा करने पर उनके विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
शासन ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने के सख्त आदेश दे रखे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को तहसीलदार अमित कुमार राजस्व टीम और पुलिस बल को साथ लेकर गांव जावन में पहुंचे। ग्रामीणों ने ग्राम समाज की करीब 12 बीघा पर कब्जा कर रखा था। ग्रामीणों ने सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण भी किया हुुआ था। टीम ने जेसीबी मशीन से बंजर एवं खाद के गड्ढों से अवैध निर्माण ध्वस्त कराकर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराई। टीम में लेखपाल गुलजारी लाल, रामबीर, श्रवण कुमार, राजेंद्र कुमार, नवाब, मलखान सिंह आदि शामिल रहे।