शादी के बंधन में बंधे 374 जोड़े
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जिला पंचायत, सभी ब्लॉक क्षेत्रों एवं नगर निकायों में 374 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया। जिले में 351 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराने का लक्ष्य निर्धारित था। इस दौरान लाभार्थियों को मिलने वाले 35-35 हजार रुपये के अनुदान को सीधे उनके खातों में भेजा गया जबकि अन्य सामान मौके पर ही दिया गया।
डीएम सेल्वा कुमारी जे के अनुसार सामान्य वर्ग के आठ, अनुसूचित जाति वर्ग के 163, पिछड़ा वर्ग के 103 तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 100 जोड़े सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शादी के बंधन में बंधे। लाभार्थियों को 35000 की धनराशि खातों में दी गई। 10 हजार के बर्तन, वर-वधू के वस्त्र, दो जोड़ी बिछिया तथा छह हजार रुपये विवाह कार्यक्रम पर व्यय किए गए। प्रत्येक जोड़े पर 51 हजार रुपये की दर से 374 जोड़ों पर कुल 190.74 लाख खर्च किए गए। डीएम ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य दहेज प्रथा को समाप्त करना तथा विवाह में होने वाले अपव्यय को कम करते हुए सामाजिक समरसता तथा सर्व धर्म समभाव को बढ़ाना है। परमधाम न्यास की ओर से भी नवदंपतियों को सामान वितरित किया गया।
नगर पालिका परिषद में चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल एवं ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी की मौजूदगी में 14 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।
तितावी। बघरा ब्लॉक में 38 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य प्रदीप कश्यप ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस दौरान बीडीओ संत प्रकाश, मोहम्मद आसिफ, प्रदीप चंदेल, प्रदीप एडीओ, आस मोहम्मद, शबी हैदर जैदी, राजीव चौधरी, इश्कलाल प्रधान, नवीन कुमार, मोहम्मद आरिफ, राहुल, कुलदीप सहित आदि मौजूद रहे।
शाहपुर। बीआरसी कार्यालय परिसर में तीस जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक उमेश मलिक ने कहा कि सरकार सभी के हितों को ध्यान में रख बिना भेदभाव के कार्य कर रही हैं। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, एसडीएम दीपक कुमार, बीडीओ राजेश कुमार, अनुज बालियान प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य रामनाथ सिंह, अशोक बालियान, इरशाद सलमानी आदि मौजूद रहे।