328 करोड़ की जिला योजना को मिली मंजूरी
मुजफ्फरनगर। जिला योजना समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए तैयार 328 करोड़ रुपये की जिला योजना को मंजूरी दी गई। मंत्री ने सदस्यों के क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बुधवार को विकास भवन के सभागार में आयोजित बैठक में सैनिक कल्याण, होमगार्डस, नागरिक सुरक्षा एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के मंत्री चेतन चौहान ने गन्ना विभाग के 1898.56 लाख, पशुपालन विभाग के 263.76 लाख, दुग्ध विकास के 221.53 लाख रुपये के प्रस्तावों के साथ 328.36 करोड़ रुपये की जिला योजना को अनुमोदित किया। वन विभाग के लिए 86.04 लाख, ग्राम्य विकास के लिए 4800 लाख, बहुउदे्श्यीय भवनों के निर्माण के 3078.24 लाख, सिंचाई के 366.60 लाख, नेडा के 125 लाख के प्रस्ताव भी शामिल हैं। बैठक में प्रभारी मंत्री ने क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी को निर्देश दिए कि उद्योगों का गंदा पानी नदी में न गिरने पाए। प्रदूषण विभाग यह सुनिश्चित करे कि सभी उद्योगों में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगा है। उन्होंने कहा कि कॉमन ट्रीटमेंट प्लांट लगाने पर भी विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में कायाकल्प के तहत चहारदीवारी कराने, जनपद में खेलकूद प्रतियोगिता कराने को भी कहा। जिला सेवायोजन अधिकारी को जिन युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है, उनके मोबाइल नंबर, नाम व पते की सूची बनाने के निर्देश दिए। मंत्री ने समाज कल्याण की योजनाओं व प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों का डाटा शीघ्र ठीक कराया जाए। अधिकारी संवेदनशील होकर सदस्यों से उनके क्षेत्रों की समस्याओं के बारे मेें जाने और उनका निराकरण कराएं। जिला योजना में प्राप्त धनराशि से विकास कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं। बैठक में विधायक उमेश मलिक, विक्रम सैनी, प्रमोद ऊटवाल, डीएम सेल्वा कुमारी जे, सीडीओ आलोक यादव, एडीएम प्रशासन अमित सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।