- बरला गांव के यूनियन बैंक के एटीएम पर निकासी के दौरान अपराध
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र के बरला गांव स्थित यूनियन बैंक के एटीएम से रुपये निकालने के दौरान कार्ड बदलकर 3.22 लाख की चपत लगाने के मामले में आरोपी की जमानत अर्जी निरस्त कर दी गई। आरोपी हरियाणा के हिसार के बरवाला का रहने वाला है।
वादी नरेश कुमार ने 30 अगस्त 2024 को बरला में एटीएम से 10 हजार रुपये निकाले थे। इस दौरान दो व्यक्ति पहुंचे और उसे बातों में उलझाकर कार्ड बदल लिया। वह घर पहुंचा तो खाते से रुपये निकलने के मैसेज आने लगे तो मामले का पता चला। आरोपियों ने 3.22 लाख रुपये निकाले।
पुलिस ने पांच फरवरी को हिसार जिले के बरवाला निवासी आरोपी संजय सिंह पुत्र हवा सिंह को गिरफ्तार कर 25 हजार रुपये बरामद किए थे। बचाव पक्ष की ओर से अदालत में तर्क दिया गया कि पुलिस ने कहासुनी के कारण उसे फंसाया है।
अभियोजन की ओर से अदालत को विवेचना की जानकारी दी। जनपद न्यायाधीश डॉ. अजय कुमार द्वितीय ने आरोपी का जमानत प्रार्थना पत्र निरस्त कर दिया।
इनसेट
इस तरह करते थे ठगी
आरोपी देहात क्षेत्र के एटीएम को निशाना बनाते थे। सीधे लोगों को बातों में उलझाकर पहले एटीएम का पिन देखते थे और फिर कार्ड बदल लेते थे। पीड़ित के जाने के बाद रुपये निकालने शुरू कर देते थे। पुलिस जांच में दूसरे आरोपी का नाम राजेश सामने आया था, जिसकी तलाश की जा रही है।