देवबंद (सहारनपुर)। श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मेला पंडाल में मंगलवार की रात्रि कव्वाली कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। जिसमें पुरुष व महिला कलाकारों की जुगलबंदी ने समा बांध दिया और श्रोता झूमने पर मजबूर हो गए।
मेला पंडाल में कव्वाली मुकाबले का उद्घाटन पालिकाध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी ने फीता काटकर जबकि सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष तंजीम खान ने शमा रोशन कर किया। जिसके बाद इलाहाबाद से आए प्रसिद्ध कव्वाल दिलबर मेराज और मीना वारसी बनारसी ने शानदार कव्वालियां सुनाकर समा बांध दिया और श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। बाद में पुरुष व महिला कव्वाल के बीच कव्वाली के कई मुकाबले हुए। दोनों की जुगलबंदी देख श्रोताओं ने तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाया। देर रात्रि तक श्रोता कव्वालियों का आनंद लेते रहे। अध्यक्षता हाजी फजलुर्रहमान ने की। संयोजक पूर्व सभासद अब्दुल कादिर खान व सलामत खान ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर मेला चेयरमैन मनोज सिंघल, सुलेमान फारुकी, सिकंदर गौड़, अंसार मसूदी, अय्यूब बेग, असद जमाल फैजी, योगेंद्र राणा, कलीम कुरैशी, वसी अंसारी, सलीम ख्वाजा आदि मौजूद रहे।
नृत्य नाटिका का भावपूर्ण मंचन
देवबंद। सर्वोदय ज्ञान पब्लिक स्कूल में मजदूर दिवस के उपलक्ष्य में मजदूरों की भूमिका को दर्शाते हुए नृत्य नाटिका का मंचन किया गया।
कार्यक्रम में अध्यापकों व छात्रों ने मजदूरों की भूमिका पर विचार रखे। उप प्रबंधक हरप्रसाद सैनी और प्रधानाचार्य रुपेश सैनी ने कहा कि मजदूर उस नींव की ईंट की तरह है जो खुद तो अंधकार में रहती है पर पूरी इमारत उसी पर टिकी होती है। इसलिए सशक्त समाज के लिए मजदूर शक्तिकरण की भी आवश्यकता है। कार्यक्रम में शिवकुमार सैनी, अनीता सैनी, सुनीता तोमर, सुमित, अभिषेक सैनी, अंकित चौधरी, सुबोध यादव, फरियाद राणा, सपना गुप्ता मौजूद रहे।