मुजफ्फरनगर। जिलेभर में चतुर्दशी पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। माता वैष्णो देवी का गुणगान किया गया। भक्तों ने मां के जयकारे लगाए। मंदिरों पर मेलों का आयोजन भी किया गया।
बृहस्पतिवार को चतुर्दशी पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। गांधी कॉलोनी स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर पर श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रही। माता का श्रंगार करने के लिए श्रद्धालु चुनरी और अन्य पूजन सामग्री के साथ मंदिरों में पहुंचे। श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ होने के कारण यहां पुलिस को रूट डायवर्ट करना पड़ा। गांधी कॉलोनी में मंदिरों के आसपास जाम की स्थिति रही। मनसा देवी मंदिर, गोशाला रोड स्थित मंदिर और बोहरों के मंदिर में भी पूजा अर्चना की गई। उधर, देहात में भी श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। बघरा स्टैंड पर मेले का आयोजन भी किया गया। बच्चों ने जमकर खरीदारी की। नदी घाट पर स्थित प्राचीनतम सिद्ध पीठ देवी मंदिर पर नवरात्रों के उपरांत चतुर्दशी पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मां के भक्तों ने मां शाकंभरी , मां बाला सुंदरी की संयुक्त पीठ के सम्मुख पूजा अर्चना की। ग्रामीण क्षेत्रों से भी श्रद्धालु मनोकामना पूर्ति के लिए दर्शन के लिए आए। संजय कुमार, महेश कुमार, भूषण लाल आदि पूरे व्यवस्था बनाने में सक्रिय रहे।