बजरंग दल ने किशोरी बरामद न करने पर महापंचायत करने का निर्णय लिया
देवबंद (सहारनपुर)। दूसरे समुदाय के युवक द्वारा किशोरी को ले जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को बजरंग दल की तलहेड़ी बुजुर्ग गांव में हुई बैठक में चेतावनी दी गई कि अगर पांच अप्रैल तक पुलिस ने किशोरी को बरामद कर आरोपी को जेल नहीं भेजा तो छह अप्रैल को सहारनपुर मुजफ्फरनगर हाईवे को जाम कर हिंदू महापंचायत का आयोजन किया जाएगा।
सोमवार को बजरंग दल नेता विकास त्यागी कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें मामले में उचित कार्रवाई कराए जाने का आश्वासन दिया। इस दौरान गांव में ही बैठक का आयोजन किया। इसमें विकास त्यागी ने कहा कि पुलिस ने अब तक किशोरी को बरामद नहीं किया। चेतावनी दी कि यदि पांच अप्रैल तक किशोरी बरामद नहीं होती और आरोपी को जेल नहीं भेजा जाता तो छह अप्रैल को सहारनपुर मुजफ्फरनगर हाईवे को जाम कर हिंदू महापंचायत की जाएगी। अध्यक्षता बबलू मौर्य व संचालन राजकृष्ण रोड ने किया। इस मौके पर कुलदीप त्यागी, अनिल कुमार, जितेंद्र बौद्ध, कुसुम, मुकेश, इसम सिंह, मोहित रोड, मोनिका, सुमित, नरेंद्र, मोनू, अंजू आदि मौजूद रहे।