किसानों ने जमीन का वाजिब मुआवजा मांगा
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने किसानों की समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में रेलवे के लिए अधिग्रहीत की गई भूमि का उचित मुआवजा देने की मांग की गई।
मंगलवार को एडीएम प्रशासन अमित सिंह को दिए ज्ञापन में जिस परिवार की भूमि अधिग्रहीत की गई, उसके एक सदस्य को रोजगार देने, फसलों की हानि का मुआवजा देने आदि की भी मांग की गई। इसके अलावा गन्ना मूल्य भुगतान शीघ्र कराने, किसानों को गन्ना पर्चियां समय से दिलाने, शुगर मिलों को जाने वाले रास्ते एवं केनयार्ड की हालत दुरुस्त करानेकी मांग शामिल हैं। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर, जिलाध्यक्ष अखिलेश चौधरी, विशाल अहलावत, विनय अहलावत, सतीश भारद्वाज, आशीष शर्मा, राजवीर सिंह, राजीव तोमर, अजय त्यागी, जमीर अहमद, रामसिंह गौतम आदि शामिल रहे।