नंगला पिथौरा में प्रस्तावित गेट का शिलान्यास किया
तितावी। क्षेत्र के गांव नंगला पिथौरा में शनिवार को भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने गांव के बाहर बनाए जाने वाले गेट का शिलान्यास किया।
शनिवार को आयोजित भाकियू की बैठक में 36 बिरादरी के सभी जिम्मेदार लोगों के साथ ही आसपास गांवों से बड़ी संख्या में किसान पहुंचे। मुख्य अतिथि राकेश टिकैत ने गांव नंगला पिथौरा के गेट का शिलान्यास करते हुए गेट का नाम ठाकुर सूबेदार साहब सिंह के नाम पर रखा। बैठक में चौधरी धीरज लाटियान, विपुल निर्वाल, चौधरी मनोज प्रधान, प्रवीण, दीपक बालियान, वाहिद और अमरनाथ शर्मा आदि मौजूद रहे। आयोजक ठाकुर सत्येंद्र सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया। किसानों ने भाकियू की गन्ने को लेकर लड़ी जा रही लड़ाई का समर्थन करने की घोषणा की। बैठक में सत्येंद्र ठाकुर को युवा जिला अध्यक्ष नियुक्त करने की भी घोषणा की।
हादसे में बाइक सवार भाई-बहन घायल
भोपा। मोरना निवासी नमन शनिवार को अपनी बहन के साथ बाइक पर ट्यूशन पढ़ने भोपा स्थित कोचिंग सेंटर पर आए थे। यहां से शाम के समय दोनों बाइक पर लौट रहे थे। रास्ते में यूसुफपुर चौराहे पर स्थित मुर्गी फार्म के पास अचानक उनकी बाइक सड़क पर फिसल गई, जिससे दोनों सड़क पर जा गिरे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों को पीएचसी मोरना पर भर्ती कराते हुए उनके परिजनों को हादसे की जानकारी दी।