भगवान राम के धनुष तोड़ते ही जयकारे गूंजे
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। शहर में हो रही रामलीलाओं में सीता स्वयंवर की लीला का मंचन हुआ। लक्ष्मण-परशुराम संवाद को देखने को लोग उत्सुक दिखे। रामलीलाओं में दर्शकों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।
पटेल नगर में चल रही रामलीला में सीता स्वयंवर की लीला हुई। मुनि विश्वामित्र के साथ राम और लक्ष्मण सीता स्वयंवर में शामिल हुए। राजा जनक ने जब यह कहा कि पृथ्वी से वीर समाप्त हो गए है, कोई राजा धनुष भी नहीं उठा पा रहा है, तो लक्ष्मण को क्रोध आ गया। इस पर वह राम से आग्रह करते है, राम लक्ष्मण को शांत रहने के लिए कहते हैं और गुरु की आज्ञा पाकर धनुष तोड़ देते हैं। पूरा पांडाल भगवान राम के जयकारों से गूंज उठता है। नईमंडी में कोतवाली के पास चल रही रामलीला में फुलवारी लीला के बाद विश्वामित्र राजा जनक के दरबार में पहुंचते हैं। मध्य प्रदेश से आए कलाकारों ने यहां से हटके भी कुछ सीन दिखाए। टाउन हाल में चल रही रामलीला में स्वयंवर और परशुराम-लक्ष्मण संवाद की लीला हुई।