सपा ने कांवड़ व्यवस्थाओं पर भाजपा को घेरा
मुजफ्फरनगर।
सपा ने कांवड़ मेले की व्यवस्था पर भाजपा सरकार और जिला प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। सपा ने कहा कि कांवड़ यात्रा को भाजपा ने गंभीरता से नहीं लिया है। सपा ने कहा कि जो व्यवस्थाएं एक माह पहले पूरी जो जानी चाहिए थी, प्रशासन अब उनकी खानापूर्ति में लगा है। भाजपा और योगी सरकार को पूरी तरह फेल बताया है।
महावीर चौक स्थित सपा कार्यालय पर पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष गौरव स्वरूप ने कहा कि हमारी याद में कांवड़ के इतिहास की इस बार सबसे घटिया व्यवस्था है। सरकार और प्रशासन दोनों को पता था कि शिवरात्रि कब की है। कांवड़ कब से शुरू होगी, अंडरपास एक माह पहले बनकर तैयार हो जाना चाहिए था। यात्रा प्रारंभ होने के बाद मामला सुर्खियों में आया तो प्रशासन की नींद टूटी। रुड़की रोड और कच्ची सड़क को तैयार नहीं किया गया, जो पेंचवर्क किया गया वह सब उखड़ गया और भोलों के लिए मुसीबत बन गया है। शहर के सभी कांवड़ मार्गों पर गंदगी के अंबार हैं। कांवड़ियों की चिकित्सा के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। योगी सरकार के सभी दावे यहां फेल साबित हो रहे हैं। युवा नेता चंदन चौहान ने कहा कि अभी तो पंचक है, पांच अगस्त के बाद जब कांवड़ियों का सैलाब आएगा तब क्या होगा। प्रशासन यहां व्यवस्था संभालने में विफल रहा है। वरिष्ठ नेता सतेंद्र सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री फूलों की वर्षा की बात करते हैं, लेकिन शिवभक्तों के पैरों के छाले बचा नहीं पा रहे हैं। श्यामलाल सैनी, जिया चौधरी, राहुल वर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा को लेकर जो बजट सरकार ने जारी किया वह कहां गया इसकी जांच होनी चाहिए। व्यवस्थाओं पर पैसा खर्च नहीं किया गया। सपा ने मांग की है कि प्रदेश सरकार कांवड़ को गंभीरता से ले और लापरवाह अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करें।