खतौली। तहसील सभागार में बृहस्पतिवार को एसडीएम और सीओ ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाए जाने से पूर्व नगर पालिका सहित पीडब्ल्यूडी अधिकारियों साथ में व्यापारियों की बैठक ली। जिसमें अतिक्रमण अभियान के दौरान व्यापारियों से अभद्र व्यवहार न करने और अभियान से पहले मुनादी कराने के निर्देश दिए।
बैठक में राजेश जैन, अंकुर सिंघल, महेश गुप्ता आदि ने एसडीएम को अवगत कराया कि अतिक्रमण हटवाने के दौरान पालिका प्रशासन और पुलिस व्यापारियों से बदसलूकी करती है। जबकि व्यापारी एक साधारण व्यक्ति होता है, वह कोई अपराधी नहीं होता है। जिस पर एसडीएम अतुल कुमार और सीओ डॉ. राजीव कुमार सिंह ने व्यापारियों को इस बात का आश्वासन दिया कि अतिक्रमण हटवाने के दौरान व्यापारियों के साथ किसी प्रकार कोई बदसलूकी नहीं की जाएगी। नगरपालिका की ओर से चेतावनी देने के बावजूद अगर व्यापारी अतिक्रमण नहीं हटाएंगे तो निश्चित तौर पर कानूनी कार्रवाई के लिए अधिकारी व पालिका बाध्य होगी। एसडीएम ने नगरपालिका कर्मचारियों को शुक्रवार को नगर में अतिक्रमण हटाने को लेकर मुनादी कराने के निर्देश दिए। मुनादी कराने के बाद शनिवार से नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत कर दी जाएगी।