अस्पताल में नहीं मिले डॉक्टर, सीएमओ खफा
मुजफ्फरनगर। सीएमओ के निरीक्षण में स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुल गई। अस्पतालों में मरीज तो मिले, लेकिन डॉक्टर गायब पाए गए। इसको लेकर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। अनुपस्थित मिले स्टाफ का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा रहा।
सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने बुढ़ाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया गया तो यहां पर स्टाफ नर्स अमिता, आईवी सिंह अनुपस्थित मिले, जबकि एसटीएस सतीश कुमार के पंजिका हस्ताक्षर नहीं थे। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़ीनौआबाद का भी निरीक्षण किया गया। केंद्र पर चिकित्सा अधीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि फार्मेसिस्ट मनोज कुमार तीन दिन गढ़ीनौआबाद एवं तीन दिन मोहम्मदपुर राय सिंह पीएचसी पर तैनात रहते हैं। उन्होंने डॉ लविश चिकित्सा अधिकारी, डॉ विक्रांत चिकित्सा अधिकारी को ड्यूटी रोस्टर के अनुसार तीन दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना एवं तीन दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़ीनौआबाद पर ड्यूटी के निर्देश दिए हैं। डॉ सतीश कुमार को सीएचसी बुढ़ाना पर नियमित रूप से साफ-सफाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बघरा की पीएचसी का निरीक्षण किया। उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करने पर मोनू कुमार अनुपस्थित, नसीम अहमद आकस्मिक अवकाश पर मिले। अनुपस्थित पाए गए डॉक्टर, कर्मचारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।