सुंदर झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली
पुरकाजी। कस्बे एवं देहात क्षेत्र में संत रविदास जयंती बुधवार को हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस मौके पर कस्बे एवं देहात में कई जगहों पर बैंडबाजों और सुंदर झांकियों के साथ शोभायात्रा भी निकाली गई।
कस्बे में मोहल्ला उत्तरी चमारान रविदास मंदिर से निकाली गई शोभायात्रा का शुभारंभ पुरकाजी भाजपा विधायक प्रमोद उंटवाल ने और मोहल्ला दक्षिणी चमारान रविदास मंदिर से निकाली गई शोभायात्रा का शुभारंभ समाजसेवी भारत भूषण खुल्लर ने किया। इसके उपरांत बैंडबाजों और सुंदर झांकियों से सजी दोनों शोभायात्रा कस्बे के मोहल्ला खेड़ा दरवाजा, हलवाईयान, कानूनगोयान, बाजार कलां, हाईवे आदि से होती हुई मोहल्ला उत्तरी चमारान रविदास मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां पर आरती कर प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान भाजपा नेता कनवार लाल वर्मा, हरि राम सक्सेना, नरेश मिगलानी, डॉ ओपी गौतम, राजू वर्मा, विरेंद्र सिंह, केपी सिंह के अलावा अर्जुन गुप्ता, गोल्डी राठी, लताफत खान, निसार मेंबर, बाबूराम, बिट्टू गुप्ता, शंकरलाल गोयल, नरेंद्र पाल, तेजपाल, किरण कुमार, अश्वनी कुमार, काला मेंबर आदि लोग सीओ सदर योगेंद्र सिंह एवं इंस्पेक्टर संजीव कुमार शर्मा मय फोर्स के मौजूद रहे। इसके अलावा देहात क्षेत्र के ग्राम खेड़की, भोजाहेड़ी, कल्लनपुर, हरिनगर, गोधना, तुगलकपुर, कम्हेड़ा आदि में भी रविदास जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई।
हादसे में दो लोग घायल
पुरकाजी। दो बाइकों में हुई आमने-सामने की टक्कर में दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को पुरकाजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के चलते दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बुधवार करीब चार बजे ग्राम गोधना निवासी सुशील कुमार अपने साथी कोपीन कुमार के साथ बाइक से पुरकाजी से अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में ग्राम हरिनगर के निकट सामने से आ रही एक बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस बुलाकर दोनों को पुरकाजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के चलते उपचार करने के उपरांत दोनों को जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया।
डीलर पर दुर्व्यवहार करने का आरोप
पुरकाजी। कस्बा निवासी एक महिला ने थाने पर तहरीर देकर राशन डीलर पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
महिला नईमा का आरोप है कि बुधवार को वह मोहल्ले की दो अन्य महिलाओं के साथ राशन डीलर के पास राशन का सामान लेने गई थी, जहां पर राशन डीलर ने उसके साथ दुर्व्यवहार करते हुए राशन का सामान देने से इंकार कर दिया। महिला ने आरोपी डीलर के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।