सीएम से मिला भाकियू का प्रतिनिधिमंडल
मुजफ्फरनगर। किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के नेतृत्व में किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। सीएम ने किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण करने का आश्वासन दिया है।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के नेतृत्व में किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के किसानों की समस्याओं आलू, धान, गन्ना, बिजली के बढ़े मूल्य आदि को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से एनेक्सी भवन में मुलाकात कर किसानों की समस्याओं के निस्तारण की मांग की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं का हल प्राथमिकता पर करेगी। उन्होंने कहा कि किसान की कर्जमाफी, डार्क जोन में किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन दिए जाने सहित सरकार किसान हित में फैसले कर रही है। भाकियू के मांगपत्र पर मुख्यमंत्री ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में राजवीर जादौन, पवन खटाना, राजवीर सिंह, हरिनाम सिंह, सरदार गुरमीत सिंह आदि शामिल रहे।