संग्रह अमीनों का तहसील में धरना
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राजस्व संग्रह अमीन संघ के आह्वान पर बुधवार को जिले की सभी तहसीलों में संग्रह अमीनों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। सदर तहसील में कामकाज छोड़कर राजस्व संग्रह अमीन धरने पर बैठे नजर आए और पूर्व में हुए आंदोलन के बाद शासन द्वारा आश्वासन के बाद भी मांग पूरी नहीं करने पर आक्रोश जताते हुए प्रमुख सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा।
अमीन संघ की तहसील सदर शाखा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार और सचिव सुरेश पाल के नेतृत्व में राजस्व संग्रह अमीनों ने एसडीएम कार्यालय के समक्ष धरना दिया। संघ की ओर से प्रमुख सचिव राजस्व विभाग के नाम एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। इसमें संघ नेताओं ने कहा कि जनवरी 2017 में कार्य बहिष्कार आंदोलन के बाद प्रमुख सचिव के साथ हुई बैठक में संघ की मांगों को पूर्ण करने का भरोसा दिया गया था, लेकिन इस पर कोई कार्यवाही नहीं होने से संवर्ग में रोष व्याप्त है। संघ ने शासन से 11 सूत्री मांगों को पूर्ण करने का आग्रह किया है। इनमें सामयिक सेवाओं को जोड़े जाने, ग्रेड वेतन में वृद्धि, पदोन्नति की पूर्व व्यवस्था बहाल करने, पात्रों को द्वितीय प्रोन्नति वेतन देने, मोटरसाइकिल भत्ता, पद नाम परिवर्तन, शैक्षिक योग्यता स्नातक करने, वसूली के नाम पर अमीनों के साथ सभी की जिम्मेदारी तय करने की मांगें शामिल हैं।