कांग्रेस प्रत्याशी करोड़पति, बाकी सब लखपति
मुजफ्फरनगर।
नगर पालिका से चेयरमैन पद की कांग्रेस प्रत्याशी अंजू अग्रवाल करोड़पति हैं, उनके नाम पति अशोक अग्रवाल से अधिक संपत्ति है। सपा प्रत्याशी मिथलेश पाल के नाम 35 लाख रुपये की जमीन है। बसपा और भाजपा प्रत्याशी के नाम कोई संपत्ति नहीं है। प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र में यह जानकारी दी है।
कांग्रेस प्रत्याशी अंजू अग्रवाल के नाम चल संपत्ति दो करोड़ 76 लाख है, जबकि उनके पति अशोक अग्रवाल के नाम चल संपत्ति 76 लाख 93 हजार है। अचल संपत्ति भी अंजू अग्रवाल के नाम छह करोड़ 72 लाख है और उनके पति अशोक अग्रवाल के नाम पांच करोड़ 83 लाख है। अंजू अग्रवाल के नाम पति अशोक अग्रवाल से अधिक संपत्ति है। उन पर 21 लाख 50 हजार का बैंक का ऋण भी है। सपा प्रत्याशी मिथलेश पाल के नाम चार लाख चार हजार 425 रुपये की चल संपत्ति है। उनके पति अमरनाथ पाल के नाम दस लाख 53 हजार 80 रुपये की चल संपत्ति है। मिथलेश पाल के नाम 35 लाख रुपये की अचल संपत्ति है और उनके पति अमरनाथ पाल के नाम 40 लाख की अचल संपत्ति है। उन पर बैंक का कोई ऋण नहीं है। भाजपा प्रत्याशी सुधाराज शर्मा के नाम 23 लाख 46 हजार 156 रुपये की चल संपत्ति है। उनके पति अरविंद राज शर्मा के नाम 22 लाख 70 हजार 247 रुपये की चल संपत्ति है। सुधाराज के नाम अचल संपत्ति कोई नहीं है, जबकि उनके पति अरविंद राज शर्मा के नाम पांच करोड़ दस लाख रुपये की अचल संपत्ति है। उनके नाम कोई ऋण नहीं है। बसपा प्रत्याशी मुदस्सिर रहमान के नाम 20 लाख की चल संपत्ति है। उनके पति जियाउर्रहमान के नाम एक लाख 25 हजार की चल संपत्ति है। मुदस्सिर के नाम अचल संपत्ति कोई नहीं है। उनके पति जियाउर्रहमान के नाम एक करोड़ 60 लाख की अचल संपत्ति है। उन पर किसी बैंक का कोई ऋण नहीं है।
मुदस्सिर सबसे छोटी, अंजू सबसे बड़ी
मुजफ्फरनगर। चुनाव लड़ने वाली मुख्य प्रत्याशियों में बसपा की मुदस्सिर रहमान सबसे छोटी यानि 40 साल की हैं। कांग्रेस की अंजू अग्रवाल सबसे बड़ी 56 साल की हैं। भाजपा की सुधाराज शर्मा 54 साल की और सपा की मिथलेश पाल 51 वर्ष की हैं।
सभी प्रत्याशी पढ़ी-लिखीं
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव लड़ रही चारों मुख्य प्रत्याशी पढ़ी-लिखी हैं। भाजपा प्रत्याशी सुधा राज शर्मा स्नातक हैं। सपा प्रत्याशी मिथलेश पाल स्नातक हैं। बसपा प्रत्याशी मुदस्सिर रहमान इंटरमीडिएट है। कांग्रेस प्रत्याशी अंजू अग्रवाल भी स्नातक हैं।