बकाया गन्ना मूल्य भुगतान के लिए बेमियादी धरना जारी
बुढ़ाना। बकाया गन्ना मूल्य के भुगतान की मांग को लेकर कांग्रेस व सपा कार्यकर्ताओं का चीनी मिल भैंसाना पर नौवें दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रहा। पूर्व राज्यसभा सदस्य हरेंद्र मलिक ने कहा कि जब तक किसानों के गन्ने का भुगतान नहीं मिलेेगा, वे यहां से नही जाएंगे।
गन्ने के बकाया भुगतान की मांग को लेकर कांग्रेस व सपा कार्यकर्ताओं का बजाज चीनी मिल भैंसाना पर शुक्रवार को नौवें दिन भी धरना जारी रहा। धरनास्थल पर हरेंद्र मलिक ने कहा कि बकाया भुगतान नहीं मिलने के कारण किसान बच्चों की स्कूल में फीस नहीं जमा कर पा रहे हैं। जरूरतों के खर्च के लिए भी किसान मोहताज हो गया है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों व सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि किसान के भुगतान में उनकी कोई दिलचस्पी नही है। उन्होंने भाजपा की सरकार को किसान विरोधी बताया। धरनास्थल पर आज शौरों गांव के ग्रामीण धरने पर बैठे। इस मौके पर पूर्व विधायक पंकज मलिक, सपा नेता अतहर हसन, हरपाल सिंह, विनोद मलिक, पूर्व प्रधान बिजेंद्र मलिक, चौ. बलजोर सिंह सागडी, रविंद्र राठी, करतार सिंह, विकास त्यागी, राजेंद्र सिंह, सोमपाल, राजकिशोर आदि ने भी विचार व्यक्त किये।