ट्रेन हादसे के चार मृतकों के प्रमाण पत्र जारी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। बीडीओ ने उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन हादसे के शिकार चार यात्रियों के मृत्यु-प्रमाण पत्र जारी कर दिए हैं। हादसे में मध्यप्रदेश के रेलवे कर्मचारी समेत उसकी पत्नी और बेटी की भी मौत हो गई थी। मृतक की मां और बेटी का मृत्यु प्रमाण पत्र ब्लाक से जारी हुआ, जबकि रेलवे कर्मचारी की मौत उपचार के दौरान मेरठ मेडिकल में हुई थी। कर्मचारी का मेरठ मेडिकल कालेज से मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर परिजन ले गए हैं।
जगत कॉलोनी के सामने 19 अगस्त को पुरी-हरिद्वार कलिंग उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। ट्रेन हादसे के दिन से लेकर अब तक यात्रियों के मरने की संख्या 26 तक पहुंच चुकी है। बीडीओ योगेंद्र लाल भारती ने बताया कि ट्रेन हादसे में जिन यात्रियों की मौके पर या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान मौत हुई थी, उन मृतक यात्रियों के मृत्यु प्रमाण पत्र खतौली ब्लाक से जारी किए जाएंगे। बीडीओ ने बताया कि उनके यहां से मध्यप्रदेश के मुरैना की दुर्गापुरी कालोनी निवासी रेलवे कर्मचारी राजाराम की मृतक पत्नी सुखदेवी और बेटी आरती का उनके यहां से मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया गया है, जबकि रेलवे कर्मचारी भी हादसे के वक्त ट्रेन में सवार था। वह गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसकी मेरठ मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई थी। मृतक कर्मचारी राजाराम का मेरठ मेडिकल से मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया जा चुका है। इनके परिजन मृत्यु प्रमाण पत्र लेकर चले गए हैं। इनके अलावा ब्लाक से मुजफ्फरनगर के मोहल्ला रामपुरी निवासी विनीत मित्तल पुत्र स्वतंत्र मित्तल और थाना नई मंडी क्षेत्र के गांव जटमुझेड़ा निवासी मृतक प्रमोद पुत्र ऋषिपाल का भी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया है। इन प्रमाण पत्रों को उनके परिजन बनवाकर ले गए हैं। बीडीओ ने बताया कि इन परिवारों को मुआवजा दिए जाने संबंधित कार्रवाई सरकार द्वारा पूरी की जाएगी। मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया की लिखित कार्रवाई पूरी कर उच्चाधिकारियों को दी जा चुकी है।