त्रिवेणी इंडस्ट्री को एनजीटी से राहत
मुजफ्फरनगर। त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड एल्को केमिकल कॉम्लेक्स को प्रदूषण के मामले में एनजीटी ने राहत दे दी है। इंडस्ट्री के खिलाफ राज्य केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जांच-पड़ताल की, लेकिन शिकायत बेबुनियाद मिली। इसके चलते एनजीटी की अदालत ने इंडस्ट्री को उत्पादन करने की अनुमति दे दी है।
जौली रोड के बिलासपुर गांव के निकट बनी त्रिवेणी इंडस्ट्री के खिलाफ अश्वनी कुमार ने जल और वायु प्रदूषण फैलाए जाने की शिकायत नेशनल ग्रीन ट्रिब्युनल (एनजीटी) से की थी। जून माह में एनजीटी की अदालत में वाद दायर कर शिकायतकर्ता ने कार्रवाई किए जाने का पक्ष रखा। इस पर एनजीटी ने इंडस्ट्री में ज्वाइंट निरीक्षण कराया। निरीक्षण में केंद्रीय और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने जांच-पड़ताल की है। टीम ने प्रदूषण कंट्रोल करने के तरीकों और पानी की रिसाइकिलिंग की जांच-पड़ताल की। इंडस्ट्री में कार्य मानकों अनुरूप पाए गए। निरीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर 21 जुलाई को सुनवाई करते हुए एनजीटी की अदालत ने इंडस्ट्री को राहत दे दी है। एजीएम जेपी श्रीवास्तव ने बताया कि एनजीटी ने कंपनी को उत्पादन सुचारु करने के आदेश दे दिए हैं।