शौचालयों के लिए पक्के गड्ढे बनवाने की मांग
चरथावल। हिंडन नदी किनारे बसे गांव में छिमाऊ गांव के लोगों ने एडीएम से मिलकर स्वच्छता अभियान के तहत बनने वाले शौचालयों के गड्ढे पक्के बनवाने की मांग की है। आरोप है कि गांव का पानी दूषित होने के कारण संक्रामक बीमारियों का आशंका बढ़ जाएगी।
सोमवार को भाकियू ग्राम अध्यक्ष मुकेश कुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर एडीएम (वित्त) से मिलकर परेशानियों से अवगत कराया। आरोप है कि यदि स्वच्छता मिशन के तहत गांव में बनने वाले शौचालयों के कच्चे गड्ढे बनेंगे तो पानी पूरी तरह प्रदूषित होगा। यह गांव हिंडन नदी के किनारे बसा होने के कारण हैंडपंपों का पानी पहले ही दूषित हो चुका है। कच्चे शौचालयों के गड्ढे पक्के बनवाने के लिए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के यहां भी शिकायत भेजी है। इस मौके पर भगत सिंह, मनोज कुमार, अर्जुन सिंह, मोहित पुंडीर, विक्रम सिंह प्रतिनिधिमंडल में मौजूद रहे।