चकबंदी प्रक्रिया से नाराज किसान एकजुुट हुए
बुढ़ाना। चकबंदी प्रक्रिया से नाराज सिसौली और अलावलपुर गांव के दर्जनों किसानों ने सहायक चकबंदी अधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। चेेतावनी दी कि उनके चक सही न लगाए तो आंदोलन किया जाएगा।
तहसील क्षेत्र के गांव अलावलपुर में चकबंदी की प्रक्रिया जारी है। अलावलपुर गांव के मौजे में कस्बा सिसौली वालों के भी खेत है। मंगलवार को 2-3 दर्जन किसान ट्रैक्टर ट्राली व बाइकों पर सवार होकर तहसील मुख्यालय पहुंचे। सहायक चकबंदी अधिकारी कार्यालय के सामने ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। गांव वालों ने बताया कि उनके क्षेत्र के अलावलपुर गांव से चकबंदी प्रक्रिया आरंभ हुई है। किसानों का आरोप है की चकबंदी विभाग के कर्मचारी मौके पर न जाकर घर बैठकर हवाई चक काट रहे है। चक काटने में गड़बड़ झाला किया जा रहा है। आरोप है कि चकबंदी विभाग के कर्मचारियों से लेकर अधिकारी तक चक सही करने में मोटी राशि सुविधा शुल्क में मांग रहे हैं। किसानों का कहना है की वे पैसे देकर चक सही नहीं करवाएंगे। वे अपना शोषण नहीं होने देंगे।
कर्मचारियों व अधिकारियों की शिकायत मुख्यमंत्री तक की जाएगी। ग्रामीणों में एक ज्ञापन सहायक चकबंदी अधिकारी तथा उपजिलाधिकारी को देकर समस्या के समाधान की मांग की। मौके पर बिट्टू, राहुल, सुभाष, ओमपाल, हरपाल, महावीर, राजकुमार, लहरी, हरि सिंह, धर्मेंद्र सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।