प्रदूषण फैलाने पर दो उद्योगों पर 3.33 लाख का जुर्माना
मुजफ्फरनगर। प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। बुधवार को भी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने दो पायरोलिसिस उद्योगों पर कार्रवाई करते हुए 3.33 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
बुधवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विवेक रॉय ने टीम के साथ सात औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जीके कार्बन प्राइवेट लिमिटेड इंडस्ट्रियल एरिया बेगराजपुर तथा विनायक इंडस्ट्रीज ग्राम शेरनगर के पायरोलिसिस प्लांट पर वायु प्रदूषण नियंत्रण की व्यवस्था ठीक नहीं पाई गई। इन दोनों उद्योगों के खिलाफ क्रमश: 162500 तथा 168750 रुपये के जुर्माने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि पांच ईंट भट्ठों का भी निरीक्षण किया, जो बंद मिले। इसके अतिरिक्त उद्योगों के दो टैंकरों से भोपा रोड, ट्रांसपोर्ट नगर, रेलवे स्टेशन रोड पर सड़कों एवं पेड़ों पर पानी का छिड़काव किया गया।
कूड़ा जलाने व डस्ट फैलाने पर भी जुर्माना
मुजफ्फरनगर। सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में नगर में कूड़ा जलाने तथा सड़क पर रेत-बजरी डालकर बिक्री करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। कूड़ा जलाने पर रुड़की रोड पर जनता टायर के शादाब पर 500 रुपये, सड़क पर रेत बजरी डालकर बिक्री करने पर सुरेश चंद्र गर्ग राम ट्रेडर्स पर दस हजार, कुंज बिहारी तथा आरिफ पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. आरएस राठी ने बताया कि कुल 20 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
हवा रुकने से फिर छाई धुंध
मुजफ्फरनगर। दो दिन की राहत के बाद हवा रुकने से वातावरण में फिर से धुंध छाने लगी है। बुधवार को हवा नहीं चली तो फिर से प्रदूषण बढ़ने लगा। दोपहर में सूरज नजर नहीं आया और शाम को धुंध सी छा गई। एक बार फिर से प्रदूषण बढ़ने का खतरा बढ़ गया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक ऑनलाइन मशीन खराब होने से एयर क्वालिटी इंडेक्स की जांच मैनुअल की जा रही है। मंगलवार सुबह छह से बुधवार सुबह छह बजे तक एक्यूआई 273 रहा है। बुधवार को धुंध छाने से बृहस्पतिवार सुबह आने वाली एक्यूआई रीडिंग में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।