28 से ऑनलाइन रोजगार मेले का आयोजन
मुजफ्फरनगर। जिला सेवायोजन कार्यालय 28 से 30 जुलाई तक रोजगार मेले का आयोजन कर रहा है। रोजगार मेला पूर्णत: ऑनलाइन होगा, अभ्यर्थियों को कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं है।
सीडीओ आलोक यादव ने बताया कि नियोजकों द्वारा अभ्यर्थियों यानी प्रवासी श्रमिकों से ऑनलाइन साक्षात्कार किया जाएगा। चयन की सूचना दूरभाष पर दी जाएगी। उक्त मेले में लगभग सात कंपनियां प्रतिभाग करेगी, जिसमें विभिन्न नियोजकों द्वारा हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक आदि योग्यताधारक अभ्यर्थियों के लिए फील्ड एक्जीक्यूटिव, सेल्स रिप्रजेंटेटिव, एचआर मैनेजर, टेलीकॉलर आदि पदों के लिए चयन किया जाएगा। इसके लिए सेवायोजन पोर्टल पर अथवा बाहर से आए प्रवासी कामगार सेवामित्र के रूप में ऑनलाइन पंजीकरण कराकर शामिल हो सकते हैं, इसके लिए अभ्यर्थी को अपना एक फोटो, शैक्षिक प्रमाणपत्रों की अनुक्रमांक, दिनांक, आधार कार्ड आदि की आवश्यकता होगी। पंजीकृत अभ्यर्थी रोजगार मेला के लिए ऑनलाइन यूजर आईडी द्वारा अपना आवेदन कर मेले में शामिल हो सकेंगे। रोजगार मेला की आईडी 3099 है। अभ्यर्थी अपनी यूजर आईडी खोलकर आवेदित नौकरियां पर क्लिक कर जनपद मुजफ्फरनगर की विज्ञापित रिक्तियों को देखे इसके पश्चात आवेदन करें। किसी प्रकार की असुविधा की स्थिति में सेवायोजन कार्यालय में संपर्क करें।