जिले में 2442 लोगों का हुआ टीकाकरण
मुजफ्फरनगर। जिले में कोरोना वैक्सीन आने पर शनिवार को जिला चिकित्सालय सहित सभी पीएचसी और सीएचसी पर टीकाकरण किया गया। कोविशील्ड वैक्सीन खत्म होने पर शुक्रवार को टीकाकरण नहीं हो सका था। देर रात में छह हजार डोज कोविशील्ड की स्वास्थ्य विभाग को मिली। इसके बाद शनिवार को टीकाकरण प्रारंभ किया गया। सीएमओ डॉ. एमएस फौजदार ने बताया कि जनपद में शनिवार को 2442 लोगों का कोरोना वैक्सीनेशन किया गया। उन्होंने बताया कि 45 वर्ष से अधिक आयु के 1454 लोगों को प्रथम डोज लगाई गई तथा 988 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। उन्होंने बताय कि सोमवार तक पर्याप्त वैक्सीन मिल जाएगी, तब बड़े स्तर पर टीकाकरण किया जाएगा।
पुरकाजी में रहा उत्साह का माहौल
पुरकाजी। पीएचसी पर शनिवार को कोरोना कर्फ्यू के बावजूद लोगों में कोरोना वैक्सीन लगवाने को लेकर उत्साह दिखाई दिया। बृहस्पतिवार से पीएचसी पर कोरोना वैक्सीन खत्म हो गई थी। इस पर काफी लोगों को वैक्सीन लगवाए बिना ही लौटना पड़ा था। शनिवार को पीएचसी पर कोरोना वैक्सीन आने की जानकारी मिलते ही लोग सवेरे से ही वैक्सीन लगवाने पीएचसी पर पहुंचने शुरू हो गए। प्रभारी चिकित्सक डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि शनिवार को कोरोना वैक्सीन की तीन सौ डोज पीएचसी पर आई थी। जिनमें से 140 डोज तुगलकपुर सीएचसी पर भेज दी गई थी। 160 डोज पुरकाजी पीएचसी पर थी, जिनमें से शनिवार को दोनों जगहों पर करीब 80 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि बाकी वैक्सीन सोमवार को लगाई जाएंगी।