जहरीली शराब में पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। मोहल्ला खटीकान में जहरीली शराब पीने से मरे कृष्ण का पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। उसका गमगीन माहौल में गंगा बैराज पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। दस वर्षीय बेटे निखिल ने पिता को मुखाग्नि दी। उधर, पुलिस ने जहरीली शराब बेचने के दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
शनिवार को मोहल्ला खटीकान में आदेश व कृष्ण की जहरीली शराब पीने से हालत बिगड़ गई थी। आदेश ने मेरठ जाते हुए तथा कृष्ण ने अगले दिन दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। मृतक आदेश के भाई राकेश ने मोहल्ले के ही अमित उर्फ गुल्लू पुत्र रामकिशन तथा धर्मवीर उर्फ टिल्लू पुत्र होराम पर जहरीली शराब बेचने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। दोनों आरोपियों से अवैध शराब बेचने वालों के बारे में पूछताछ की गई। बताया जाता है कि कुछ और लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने इन लोगों को मोहल्ला न छोड़ने की चेतावनी देकर छोड़ दिया। मृतक कृष्ण के शव का पोस्टमार्टम रविवार की रात में ही हो गया। उसका भी विसरा प्रिजर्व किया गया है, जिसे जांच के लिए आगरा लैब में भेजा जाएगा। सोमवार सुबह गंगा बैराज पर उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। दस वर्षीय बड़े बेटे निखिल ने पिता को मुखाग्नि दी तो मौके पर मौजूद लोगों की आंखे नम हो गई। एसडीएम खतौली इंद्रकांत द्विवेदी, सीओ जानसठ सोमेंद्र नेगी, मीरापुर, रामराज, ककरौली व जानसठ पुलिस के साथ कस्बे में मौजूद रहे।
पीड़ित परिवार को दिलाया भरोसा
मीरापुर। मोहल्ला खटीकान में जहरीली शराब पीने से मरे आदेश व कृष्ण के परिवारों को शासन की ओर से आर्थिक सहायता की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन की तैयारी सुबह ही कर ली गई थी। यह भी तय कर लिया था कि जब तक आर्थिक सहायता नहीं मिलेगी, तब तक कृष्ण के शव का दाह संस्कार नहीं किया जाएगा। प्रशासन को उसकी भनक लगी तो अफसरों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में पुलिस एवं प्रशासन के अफसरों ने स्थानीय नेताओं व पीड़ित परिवार के लोगों को थाने बुलाया और बातचीत कर हर संभव मदद देने का भरोसा दिया। थाने में वार्ता के बाद एसडीएम खतौली, सीओ जानसठ व स्थानीय नेतागण मोहल्ले में पहुंचे। एसडीएम खतौली ने कहा कि पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर पूर्व विधायक सुरेश चंद तितौरिया, पूर्व प्रमुख विरेंद्र सिंह, पूर्व चेयरमैन जहीर कुरैशी, नवीन सैनी, भाजपा नेता सतीश खटीक, वैद्य प्रद्युम्न शर्मा, राजेंद्र रस्तौगी, विक्की शर्मा, कपिल कुमार आदि मौजूद रहे।