नौ अप्रैल को रोड शो करेंगे सनी देओल
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बृहस्पतिवार के अलावा आठ अप्रैल को खतौली के रतनपुरी में भी सभा हो सकती है। हालांकि प्रशासन के पास आठ अप्रैल के संबंध में उनका कोई कार्यक्रम नहीं आया है। उधर, सिने स्टार सनी देओल नौ अप्रैल को भाजपा के लिए रोड शो करेंगे। सनी देओल का फोकस बुढ़ाना और चरथावल विधानसभा पर रहेगा।
भाजपा ने चुनाव के लिए पूरी तरह रणनीति बना दी है। भाजपा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सिने स्टार सनी देओल को मैदान में उतार रही है। सनी देओल कुछ देर मुजफ्फरनगर शहर में रहने के बाद बुढ़ाना और चरथावल विधानसभा क्षेत्र में रोड शो करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के रामराज में दोपहर दो बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा के मीरापुर, पुरकाजी और हस्तिनापुर विधानसभा के कार्यकर्ता इस जनसभा में जुटेंगे।