पीएम आवास का लाभ दिलाने के नाम पर उगाही
मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए लोगों से अवैध उगाही की गई है। इस मामले में मुजफ्फरनगर और शामली जनपदों में सत्यापन कर रही कंपनी के कर्मचारियों के खिलाफ शिकायतें की गईं। शामली में एसडीएम को जांच सौंपी गई तो मुजफ्फरनगर में डूडा के अधिकारियों ने भी शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए।
प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभार्थियों का सत्यापन करने की जिम्मेदारी प्राइवेट संस्था को दी गई है। बताया जाता है कि मुजफ्फरनगर और शामली जनपद में इस कंपनी के दो कर्मचारियों ने लोगों को योजना का लाभ दिलाने के लिए मोटी रकम वसूली। शाहपुर के मोहल्ला ठठेरान निवासी सुलेमान ने शपथ पत्र के साथ शिकायत की है कि उससे 35 हजार रुपये लिए गए। इसके बावजूद योजना का लाभ नहीं मिला। अब शिकायत करने पर धमकी दी जा रही है। एक अन्य महिला मुशर्रत मिर्जा ने भी डूडा के अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि कर्मचारियों ने उससे पांच हजार रुपये लिए। दो अन्य महिलाओं ने भी दस-दस हजार रुपये लेने की शिकायत की। शामली जनपद में भी इन्हीं कर्मचारियों ने अवैध वसूली की है। नगर पालिका शामली की वार्ड सभासद निशी रानी की शिकायत पर एसडीएम शामली ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने दोनों कर्मचारियों का स्पष्टीकरण मांगा है। बताया जाता है कि योजना में अवैध वसूली का खेल शुरुआत से ही चल रहा है। कई बार जिले के अधिकारियों से इसकी शिकायत की गई।