देवबंद (सहारनपुर)। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों ने अर्द्धसैनिक बलों के साथ नगर में फ्लैग मार्च निकाल कर असामाजिक तत्वों को यह संदेश दिया कि यदि माहौल खराब करने का प्रयास किया गया तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
शुक्रवार को सीओ अजय शर्मा व इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में अर्द्धसैनिकबलों के जवानों ने नगर के मोहल्ला बड़जियाउलहक, रेलवे रोड, सराफा बाजार, पठानपुरा, खानकाह, तलहेड़ी चुंगी, दारुल उलूम और सहारनपुर मुजफ्फरनगर हाईवे स्थित कोहला बस्ती आदि मोहल्लों में फ्लैग मार्च किया। सीओ अजय शर्मा ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जवानों के साथ नगरभर में फ्लैग मार्च निकाला गया है। उन्होंने कहा कि धारा 144 लागू है जिसका कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। यदि कोई माहौल को खराब करने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और खुफिया विभाग असामाजिक तत्वों पर नजर रखे हुए हैं। गड़बड़ी करने की स्थिति में उनसे सख्ती के साथ निपटा जाएगा।
कच्ची शराब के साथ तीन गिरफ्तार, जेल भेजे
देवबंद। कोतवाली पुलिस ने अलग अलग स्थानों से तीन लोगों को कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जिन्हें रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने मोहल्ला गुज्जरवाड़ा निवासी आजाद, निहालखेड़ी गांव निवासी शेरपाल और तलहेड़ी खुर्द निवासी सतीश को अलग अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 30 लीटर कच्ची शराब बरामद की है। पुलिस के मुताबिक तीनों लोग शराब को कहीं बेचने के लिए जा रहे थे।