ग्रामीणों ने शिकारी से बचाई हिरण की जान
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। रोहाना कलां में ग्रामीणों ने घायल हिरण को पीछा कर रहे शिकारियों से बचाकर वन विभाग के हवाले कर दिया। हिरण का उपचार कराकर बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया गया। पुलिस ने शिकारियों की तलाश की, लेकिन वे फरार हो गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव रोहाना में मंगलवार सुबह एक हिरण घायलावस्था में दौड़ते हुए पहुंचा और एक तालाब में जा घुसा। ग्रामीणों के अनुसार हिरण के पीछे कुछ शिकारी भी हथियार लिए दौड़ते हुए उसका पीछा कर रहे थे, जो तालाब में गिरे हिरण पर निशाना साधने लगे। यह देख ग्रामीणों ने इकट्ठे होकर शिकारियों की घेराबंदी करते हुए पुलिस को इसकी सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर जा पहुंची, जिन्हें देख शिकारी वहां से फरार हो गए। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल हिरण को तालाब से निकालते हुए सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम के हवाले कर दिया। बाद में घायल हिरण का उपचार कराकर उसे जंगल में छोड़ दिया गया। पुलिस ने फरार शिकारियों की तलाश की, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े।
महिला ने देवर पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि उसका निकाह करीब 12 साल पूर्व हुआ था, जिससे उसे दो बेटियां हैं। पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद से ही देवर उस पर बुरी नजर रखते हुए पति की गैर मौजूदगी में अक्सर उसके साथ दुष्कर्म करता था। विरोध करने पर विवाहिता को जान से मारने की धमकी दी जाती थी। आरोप है कि 22 फरवरी को शौहर ने बिना विवाहिता को तलाक दिए दूसरा निकाह कर लिया और दूसरी बीवी को लेकर घर जा पहुंचा। विरोध करने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। पीड़िता ने आरोपी पति व देवर के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है, जिस पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।