14 दिन में गन्ना भुगतान करें चीनी मिलें
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। जिला गन्ना अधिकारी (डीसीओ) डॉ आरडी द्विवेदी ने कहा कि चीनी मिलें 14 दिन के अंदर किसानों का भुगतान करें। चीनी मिलों पर जो बकाया है, उसे ब्याज सहित दें। भाकियू नेताओं की मौजूदगी में डीसीओ ने चीनी मिल प्रबंधकों की बैठक ली।
जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय में हुई बैठक में भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी चीनी मिलों के प्रबंधक भी रहे। डीसीओ ने कहा कि सभी चीनी मिल 14 दिन के अंदर किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान करें अन्यथा इस अवधि का ब्याज भुगतान करें। किसानों को समय से पर्ची जारी की जाए, चीनी मिलें पूरी क्षमता के साथ चलाई जाए। राकेश टिकैत ने एआरटीओ राजीव बंसल से कहा कि किसानों को बिना वजह परेशान न करें। एआरटीओ ने किसानों एवं चीनी मिलों से अपील की कि वह वाहनों मे ओवरलोड वजन न भरें। सभी चीनी मिलों द्वारा अवगत कराया गया कि सभी चीनी मिलें अपने किसानों के वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगा रही है, ताकि घने कोहरे में गन्ना वाहन दिखाई दे सके। बैठक में चीनी मिल खतौली, मंसूरपुर, टिकौला, भैसाना, खाईखेडी, मोरना एवं तितावी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
गन्ना विभाग की योजनाओं का किया मूल्यांकन
मुजफ्फरनगर। गिरी विकास संस्थान लखनऊ से केंद्र सरकार द्वारा नामित डॉ कलीम सिद्दीकी के नेतृत्व में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत कृषि एवं गन्ना विभाग में संचालित योजनाओं का सत्यापन एवं मूल्यांकन किया गया। योजनाओं के लाभार्थियों से भेंट कर बातचीत कर फीडबैक लिया गया। टीम में डॉ कलीम सिद्दीकी के अलावा विरेंद्र पाल एवं लक्ष्मीनारायण गुप्ता द्वारा ग्राम तिगाई, खानजहांपुर, खेडा चौगामा, नाईपुरा, सालारपुर, जानसठ, कवाल तथा जंधेड़ी आदि में गन्ने के प्रदर्शन तथा कृषि विभाग के बीज व कृषि यंत्र वितरण की गहनता से जांच की गई। किसानों ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को लाभप्रद बताया। टीम सत्यापन के समय कृषि विभाग से अरविंद शर्मा, ब्रहमप्रकाश शर्मा व रामकिशोर के अतिरिक्त गन्ना विभाग से विश्वामित्र पाठक, अरुण कुमार एवं फील्ड स्टाफ उपस्थित रहे।