दुकानदारों से जुर्माना वसूला
जानसठ। नगर पंचायत की ओर से कस्बे में पॉलिथीन जब्त करने के लिए अभियान चलाया गया।
बुधवार को नगर पंचायत ईओ ओम गिरि द्वारा टीम के साथ कस्बे में दुकानों पर पॉलिथीन जब्त करने का अभियान चलाया गया। इस दौरान उन्होंने कस्बे की एक दर्जन से अधिक दुकानों पर पॉलिथीन मिलने पर दुकानदारों का चालान काटकर हजारों रुपये जुर्माना वसूल किया। वहीं कई किलो प्रतिबंधित पॉलिथीन तथा थर्माकोल से बने सामान जब्त किए गए। ईओ ने दुकानदारों को दोबारा दुकान पर पॉलिथीन रखने पर रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी। अभियान के बाद उन्होंने कस्बे के कई वार्डों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। नगर पंचायत के बाबू मोहम्मद इरफान, सफाई नायक जितेंद्र कुमार को सभी वार्डों में सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा नगर पंचायत के वार्ड में स्वच्छता प्रतियोगिता में जिले में पांचवां स्थान नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच को मिला है। अभियान में मोहम्मद इरफान, लोकेश उर्फ मोना, अमित कुमार आदि कर्मचारी उपस्थित रहे।