बकरीद को शांति और सौहार्द से मनाएं: डीएम
मुजफ्फरनगर। जिला प्रशासन ने ईद-उल-अजहा का त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों की जिला पंचायत सभागार में बैठक ली। डीएम ने कहा कि ईद पर बिजली, पानी और सफाई की विशेष व्यवस्था रहेगी। एसएसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाने में सभी सहयोग करें। कुर्बानी के समय की कोई पोस्ट एवं वीडियो पोस्ट न करें। सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि सभी त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। जिले के समस्त ईओ को निर्देश दिए हैं कि बकरीद पर सफाई और पानी की विशेष व्यवस्था रहेगी। विद्युत विभाग को विद्युत व्यवस्था सुचारु रखने के लिए कहा गया है। सभी अधिशासी अधिकारियों से कहा गया कि कुर्बानी के जानवरों के अवशेषों को सुव्यवस्थित ढंग से निस्तारित कराएं। किसी भी स्थान पर जानवरों के अवशेष पड़े नहीं रहने चाहिए। डीएम ने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न की जाए। खुले स्थान पर जानवरों का कटान न किया जाए। पूर्व स्थापित परंपरा के अनुसार ही कुर्बानी की जाए। कोई भी नई परंपरा न डाली जाए। अवशेषों को ढक कर निस्तारण स्थल तक ले जाने के निर्देश दिए। ईद से एक दिन पहले आवारा जानवरों को बाड़ों में बंद कराने के निर्देश दिए। सभी एसडीएम और सीओ अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहेंगे। एसएसपी अनंतदेव ने कहा कि कानून व्यवस्था के मामले में कोई समझौता न किया जाए। अमन कायम रहना चाहिए। एसडीएम और सीओ ग्राम प्रधानों तथा मौजिज्ज व्यक्तियों के मोबाइल नंबर भी अपने पास रखें। अफवाहें न फैलने दें। सोशल मीडिया पर कोई ऐसी पोस्ट न डालें, जिससे माहौल खराब हो, बल्कि यदि कोई बात उनके संज्ञान में आती है तो संबंधित थानाध्यक्ष, एसडीएम, क्षेत्राधिकारी अथवा उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाएं, जिससे समस्या का तत्काल समाधान कराया जा सके। अराजकता उत्पन्न करने वालों को बख्शा नही जाएगा। बैठक में एडीएम सियाराम मौर्य, एसपी सिटी ओमवीर सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त सीओ, अधिशासी अभियंता विद्युत, समस्त ईओ, मुस्लिम समाज के विभिन्न संगठनों से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे।