पुरकाजी। कम्हेड़ा में करीब एक पखवाड़े पूर्व गंगनहर में मिली घायल महिला के बेटे की भी हत्या कर दी गई है। बच्चे की हत्या कर लाश को लक्सर क्षेत्र में फेंक दिया गया था, जिसे महिला के दूसरे पति ने ही साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था।
कम्हेड़ा गंगनहर में विगत 24 जून को महिला घायलावस्था में मिली थी, जिसकी शिनाख्त हसरूबा पुत्री उमरदीन निवासी धनपुरा थाना पथरी उत्तराखंड के रूप में हुई थी। मामले में उमरदीन ने हसरूबा के दूसरे पति व उसके परिजनों के खिलाफ दहेज हत्या के प्रयास के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, महिला की पहली शादी लक्सर निवासी हनीफ के साथ हुई थी, जिससे उसे दो बच्चे हुए। बाद में दोनों का तलाक हो गया, जिस पर हसरूबा ने लक्सर निवासी सलमान के साथ दूसरा निकाह कर लिया। वहां वह अपने चार साल के छोटे बेटे को भी ले गई थी। पुलिस के अनुसार, सलमान के परिजन इस शादी के खिलाफ थे, जिसके चलते हसरूबा की हत्या का प्रयास करते हुए उसके सिर में कुल्हाड़ी मारकर उसे घायलावस्था में नहर में फेंक दिया गया। लेकिन महिला की जान बच गई। इसके बाद से ही हसरूबा का चार साल का बेटा लापता है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि उक्त बच्चे की भी सौतेले पिता सलमान ने हत्या कर लाश को लक्सर क्षेत्र में फेंक दिया है। पुलिस अब बच्चे की लाश की तलाश के लिए उसके सौतेले पिता सलमान की तलाश कर रही है।