मुजफ्फरनगर। जिला बार संघ की कार्यकारिणी के चुनाव में मतदान को लेकर वकीलों में उत्साह नजर आया। 1848 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष और महासचिव पद पर जिला बार में इस बार कांटे का मुकाबला है। शनिवार को सुबह आठ बजे से मतगणना होगी।
जिला बार संघ के चुनाव को लेकर शुक्रवार को सुबह से ही कलक्ट्रेट वकीलों में उत्साह नजर आया। कचहरी स्थित फैंथम हाल में सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। जिला बार संघ में 2194 मतदाता है, जिसमें 1848 मतदाताओं ने मतदान किया। जिला बार संघ के चुनाव में अध्यक्ष पद पर राजेश्वरदत्त त्यागी और प्रमोद त्यागी के बीच सीधा मुकाबला है। इस चुनाव में दोनों के गुट आमने-सामने हैं। प्रमोद त्यागी गुट से महासचिव पद के लिए सुरेंद्र कुमार मलिक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए रणबीर सिंह, कोषाध्यक्ष के लिए सुभाष चंद गर्ग के अलावा उपाध्यक्ष 10 वर्ष से अधिक के लिए नीरज कुमार गौतम, सानुज मलिक और उपाध्यक्ष कनिष्ठ आठ वर्ष से अधिक के लिए राधेश्याम त्यागी तथा पुष्पेंद्र सिंह चौधरी, सह सचिव पद के लिए गौरव चौधरी, मोहित कुमार बैंसला, शिराज हुसैन रिजवी आदि शामिल हैं।
राजेश्वर दत्त त्यागी गुट से महासचिव पद के लिए सुनील दत्त शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए राजबल सिंह राणा, कोषाध्यक्ष पद के लिए उस्मान अहमद सिद्दकी आदि चुनाव मैदान मे हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता नासिर अली, सहायक चुनाव अधिकारी उदयवीर पोरिया तथा आमोद त्यागी की देखरेख में चुनाव कार्य संपन्न हुआ। इस दौरान सभी मतदाता लाईन में लग कर अपने नंबर का इंतजार करते नजर आए। शनिवार सुबह सात बजे से मतगणना शुरू होगी, जो गिनती पूरी होने तक जारी रहेगी। जिसके पश्चात संभवत: देर शाम तक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।