राणा और बालियान ने मिल की हकीकत जानी
मंसूरपुर। प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा और सांसद डॉ संजीव बालियान ने मंसूरपुर शुगर मिल का निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री ने तौल कांटों की जांच कर किसानों से गन्ना भुगतान की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान मिल अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा। सबकुछ ठीक पाए जाने और मंत्री के जाने के बाद मिल अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा एवं सांसद डॉ संजीव बालियान रविवार को दोपहर बाद चार बजे गन्ना अधिकारियों के साथ मंसूरपुर शुगर मिल में निरीक्षण के लिए पहुंचे। मंत्री का काफिला सीधे कैन यार्ड में पहुंचा। वहां उन्होंने कांटों पर तौले जा रहे गन्ना वाहनों को चेक किया। वहां उन्हें कोई कमी नहीं मिली। इस दौरान उन्होंने सीधे किसानों से बातचीत की। किसानों ने उन्हें बताया कि मिल द्वारा समय पर भुगतान किया जा रहा है। किसानों ने मंत्री को बताया कि गन्ना समिति में किसी स्थायी सचिव की नियुक्ति नहीं है। उन्होंने तुरंत जिला गन्ना अधिकारी ओमप्रकाश यादव को स्थायी रूप से सचिव नियुक्त करने के निर्देश दिए। डीसीओ ने बताया कि रोहाना के सचिव नरेश कुमार को मंसूरपुर गन्ना समिति का सचिव नियुक्त कर दिया गया है। मंत्री ने किसानों से बातचीत करते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री के आदेश पर सीधे शुगर मिलों में किसानों की समस्या को जान रहे हैं और उनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश के सभी मिलों की भुगतान की स्थिति संतोषजनक है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर है। किसानों की समस्याओं को देखते हुए डार्क जोन में भी प्रदेश के मुख्यमंत्री के आदेश पर विद्युत कनेक्शन दिए जा रहे हैं। इस दौरान गन्ना समिति चेयरमैन अरुण बालियान, मिल के उपाध्यक्ष अरविंद कुमार दीक्षित, गन्ना प्रबंधक सोम प्रकाश एवं क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।