तितावी। धौलरी गांव में छप्पर में लगी आग से झुलसे ग्रामीण इलमचंद की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। ग्रामीण की मौत से परिजनों पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना दिए जाने पर भी कोई अधिकारी पीड़ित परिवार की सुध लेने नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में रोष व्पाप्त हो गया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने गांव में पंचायत कर मृतक की बेटियों की शादी करने का निर्णय लिया।
तितावी के गांव धौलरी में बृहस्पतिवार रात बिजली के तारों में शॉर्टसर्किट होने से तारों से गिरी चिंगारी से इलमचंद के छप्पर में आग लग गई थी। वह छप्पर में अपने पशुओं की रखवाली के लिए सो रहा था। आग में इलमचंद और उसकी दो भैंस बुरी तरह से झुलस गई थी। इलमचंद को उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां से शुक्रवार को उसे मेरठ रेफर कर दिया गया था। शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस संबंध में ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को सूचना दी, मगर कोई भी अधिकारी गांव नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में रोष है। भाकियू नेताओं ने घर पहुंच कर परिजनों को सांत्वना दी। बाद में भाकियू नेताओं के गांव में बैठक करने की जानकारी पर एसओ तितावी सूबे सिंह गांव आए। भाकियू की बैठक के बारे में सूचना मिलने पर तहसीलदार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद के लिए चार लाख रुपये दिलवाने का आश्वासन दिया। भाजपा विधायक विजय कश्यप भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देकर इलमचंद की मौत का शोक जताया। भाकियू नेताओं ने कहा कि मृतक की तीन जवान बेटियां हैं। मंडल अध्यक्ष धीरज लटियान ने कहा कि तीनों बेटियों की शादी सामूहिक विवाह स्थल में अपने क्षेत्र में चार मार्च को अपने खर्चे पर कराई जाएंगी। इस दौरान विपुल निर्वाल, सनी प्रधान, जितेंद्र प्रधान, आसिफ कुरैशी, विकास सैनी, बादल चौधरी, सुमित त्यागी आदि मौजूद रहे।