चरथावल (मुजफ्फरनगर)। खुसरोपुर गांव की एक बस्ती की सड़क के बीच खंभा टूटा पड़ा है। जिसको हटाने के लिए निगम को आठ दिन बाद भी फुर्सत नहीं मिली है। गांव में नरेश त्यागी के घेर के पास एक खंभा टूटकर उनकी दीवार पर टिक गया। शिकायत के बाद कर्मचारियों ने उसको हटाने की जहमत नहीं उठाई, बल्कि तारों को छत के ऊपर से निकालकर आपूर्ति का जुगाड़ चालू कर दिया। जर्जर तारों में करंट प्रवाहित होने से हमेशा हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीण सुशील त्यागी, नरेश कुमार, राजेश कुमार, मुकेश, केशोराम और मंगू ने डीएम से जनहित में टूटा खंभा बदलवाने की मांग की है।
श्रद्धा से मना सकट का त्योहार
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। कस्बे एवं देहात में गणेश चतुर्थी एवं सकट चौथ का त्योहार श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। महिलाओं ने परिवार की खुशहाली, शांति और तमाम संकटों को दूर करने के लिए विघ्नविनाशक गणेश जी की पूजा-अर्चना की। घरों में तिलयुक्त मिष्ठान और पकवान बनाए गए। महिलाओं ने सांझ ढलते ही संयुक्त रूप से परंपरागत कथाओं का आयोजन किया। महिलाओं ने बायना निकालकर अग्रज महिलाओं को प्रदान किया। कस्बे के अलावा अलावलपुर, बिरालसी, कुटेसरा, महाबलीपुर, चौकड़ा, दूधली और बलवाखेड़ी में सकटा मैय्या का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया।