तितावी (मुजफ्फरनगर)। मुरादपुरा के लक्ष्य पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सिप अबेकस गणित प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया है। सिप अबेकस के संचालक नीरज बालियान ने बताया कि चार नवंबर को मुजफ्फरनगर में प्रथम सिप गणित अबेकस प्रतियोगिता कराई गई। इसमें 550 बच्चों ने प्रतिभाग किया। बघरा एकेडमी के 24 प्रतिभागियों में से 19 प्रतिभागियों ने अपने लेवल में तीन मिनट में गणित के अधिक से अधिक सवाल करके सुपर स्टार ट्रॉफी पर कब्जा किया। सिप अबेकस नेशनल डायरेक्टर रीजनल हेड राजेश चड्ढ़ा, एरिया हेड रीना अग्रवाल ने दक्ष, सक्षम, देवांश, शौर्य, आशीष, कशिश, सुभांशु, परमदीप, विनीत, सिद्धार्थ, नियति, प्रियांशी, पलक, आयुष, विशु, आदित्य आदि बच्चों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
ईंख में आग लगी
तितावी (मुजफ्फरनगर)। ढिंढावली निवासी रामभजन के ईख में अचानक आग लग गई। इसके चलते उसकी दो बीघा ईख की फसल जल गई। रामभजन ने तितावी थाने में तहरीर दी है।
छात्र का अपहरण करने का आरोप
तितावी (मुजफ्फरनगर)। जसोई निवासी नरेश ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसका पुत्र अर्जुन कक्षा दस का छात्र है। वह विगत दिनों गांव से ही लापता हो गया। काफी तलाश करने पर भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया था। गुमशुदगी तितावी थाने में दर्ज कराई थी। बुधवार को नरेश ने तितावी थाने में जाकर छतैला के एक युवक पर अपने पुत्र अर्जुन को अपहरण करने का आरोप लगाकर तहरीर दी। साथ ही तितावी पुलिस को मोबाइल में हुई बातचीत के कुछ साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं। परिजनों ने अर्जुन के साथ अनहोनी की आशंका जताई है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।