खतौली (मुजफ्फरनगर)।
गुर्जर प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि मेरठ के जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि शिक्षित समाज ही देश में तरक्की कर सकता है। उन्होंने समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने तथा अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने पर बल दिया।
भारत रत्न लौह पुरुष वल्लभ भाई पटेल की 142वीं जयंती पर पटेल जागृति मंच खतौली की ओर से गुर्जर प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें अतिथियों ने समाज की 90 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इनके अलावा 26 उन युवाओं को भी सम्मानित किया गया। जिनका सरकारी नौकरियों में चयन हुआ है। जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंद्र गुर्जर ने कहा कि बच्चों को शिक्षित कराने के साथ समाज को एक मंच पर एकजुट होना पड़ेगा। एमएलसी एवं पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह ने कहा समाज में अभी सुधार लाने की जरूरत है। इसलिए समाज शिक्षा और राजनैतिक क्षेत्र में पिछड़ता जा रहा है। सबसे पहले हमें अपने आप में सुधार लाना होगा। उन्होंने समाज के लोगों से बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने पर बल दिया।
कार्यक्रम में मुखिया गुर्जर, दिल्ली यूनिवर्सिटी से डॉ. उमा देवी, समाजसेवी रतन सिंह चौहान, कवि सुल्तान सिंह सुल्तान मेरठ, प्रवेंद्र भड़ाना जानसठ आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संचालन सत्येंद्र आर्य ने किया। आयोजक सुशील गुर्जर, महाराज सिंह, शशि छोकर व सत्येंद्र आर्य रहे।